जेल में जानलेवा हमला, दो साल पुरानी रंजिश का बदला लेने जेल में दाखिल होते ही दूसरे कैदी ने कर दिया हमला...

बिलासपुर। दो साल पहले हुए विवाद में जेल दाखिल होते ही कैदी पर पहले से बंद कैदी ने जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से हुए हमले से घायल कैदी को सिम्स में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस जेल पहुंची थी। पुलिस ने आरोपित से घटना के संबंध में पूछताछ की है। सिविल लाइन पुलिस ने घायल का भी बयान सिम्स जाकर दर्ज किया है।
सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा में रहने वाले विष्णू वंशकार को सरकंडा पुलिस ने मारपीट के मामले में कल गिरफ्तार किया था। जिसे न्यायालय में पेश करने पर न्यायालय के आदेश पर बुधवार को उसे जेल दाखिल कराया गया। केंद्रीय जेल में गुस्र्वार की सुबह बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा था। इसी दौरान लाइन में खड़े विष्णू पर चुचुहियापारा में रहने वाले शेख अजहर ने कचरा फेकने वाले सुपेनी को धारदार हथियार बना हमला कर दिया। जेल के भीतर जानलेवा हमला होते ही हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद प्रहरी ने और अन्य बंदियों ने हमलावर को काबू में किया। इसके बाद घटना की जानकारी जेल अधिकारियों को दी गई। इस पर जेल के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के निर्देश पर घायल को सिम्स में भर्ती कराया गया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन पुलिस की टीम भी जेल पहुंची थी। जेल अधिकारियों से सिविल लाइन पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली है। इसके बाद सिम्स में भर्ती घायल का बयान दर्ज किया गया है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि दो साल पहले विष्णू और उसके साथियों ने शेख अजहर की पुराना बस स्टैंड के पास पिटाई की थी। इसके बाद से वह बदला लेने के लिए मौके की तलाश कर रहा था। बुधवार की शाम विष्णू जेल आया। इसके बाद से वह हमले की योजना बना रहा था। गुस्र्वार की सुबह उसने टीन से बने धारदार हथियार से हमला कर दिया।।
