दोस्त की हत्या: बाइक से गिराने पर दो दोस्तों ने इतना पीटा कि अस्पताल में हो गई मौत, दोनों हिरासत में
पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं दोनों आरोपी

रायपुर, 13 अप्रैल 2022। खाना खाने के लिए ढाबे जा रहे तीन दोस्त रिंग रोड पर गिर गए। इसके लिए पीछे बैठे युवकों ने बाइक चला रहे दोस्त की इतनी पिटाई की कि हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों पहले भी हत्या के एक केस में पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक 9 अप्रैल की रात अशोक नगर खमतराई निवासी रूपेश यादव उर्फ मटिया और गुढ़ियारी के वेद प्रकाश चंद्राकर उर्फ बल्लू व वेदराम चंद्राकर उर्फ छोटू ढाबे जा रहे थे। रिंग रोड-2 पर एक बार के पास तीनों गिर गए। इससे नाराज होकर वेदप्रकाश और वेदराम ने रूपेश की पिटाई शुरू कर दी। सड़क पर उन्हें लोहे का रॉड मिला, उससे भी खूब मारा। इसके बाद उसे गंभीर स्थिति में छोड़कर भाग गए। इस घटना की रिपोर्ट रूपेश के भाई अशोक यादव ने थाने में लिखाई थी। 12 अप्रैल को इलाज के दौरान रूपेश की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
