Begin typing your search above and press return to search.

CM Vishnudev Sai Cabinet: शाह और नड्डा कर रहे मंत्रियों के नाम फाइनल: दिल्‍ली में चल रही है बड़ी बैठक, कल शपथ नहीं

CM Vishnudev Sai Cabinet:

CM Vishnudev Sai Cabinet: शाह और नड्डा कर रहे मंत्रियों के नाम फाइनल: दिल्‍ली में चल रही है बड़ी बैठक, कल शपथ नहीं
X
By Sanjeet Kumar

CM Vishnudev Sai Cabinet: रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय मंत्रिमंडल के विस्तार की खबरों के बीच एक बड़ी ब्रेकिंग खबर आ रही है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल को लेकर एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रुप दिया जाएगा। बीजेपी कोर कमेटी के भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार दिल्ली में अब से कुछ देर बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा की मुलाकात होनी है। दोनों वरिष्ठ नेता छत्तीसगढ़ में संभावित आठ मंत्रियों के नाम फायनल करेंगे।

मंत्रियों का शपथ ग्रहण विधानसभा का सत्र समाप्‍त होने के बाद 22 दिसंबर को होने की संभावना है। 22 दिसंबर को मुख्‍यमंत्री साय फिर एक बार दिल्‍ली जाएंगे। इस बीच इंडोर स्‍टेडिय में शपथ ग्रहण की चल रही तैयारियों की वजह से यह खबर तेजी से फैल गई कि मंत्री कल ही शपथ लेंगे। बताते चलें कि मध्‍य प्रदेश में भी कल शपथ ग्रहण होना था, लेकिन वह टल गया है। बताया जा रहा है कि दोनों राज्‍यों में अभी मंत्री के नाम फाइनल ही नहीं हुए हैं।

सूत्रों का ये भी दावा है कि आज ही मध्यप्रदेश के मंत्रिमंडल भी फायनल होना है। शाह और नड्डा की आज होने वाली बैठक में एमपी पर भी चर्चा होगी। इसी सिलसिले में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आज दिल्ली बुलाया गया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने उन्हें बुलाया था। चूकि शिवराज सिंह मुख्यमंत्री नहीं बन पाए मगर पार्टी उन्हें एकदम से किनारे भी नहीं करना चाहती क्योंकि सामने लोकसभा चुनाव है। शिवराज के पसंद के कुछ विधायकों को नए मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी। मध्‍य प्रदेश में भी कल ही मंत्रिमंडल का विस्‍तार होना था, लेकिन अब वह टल गया है।

उधर, छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल को लेकर सोशल मीडिया में अटकलों के आधार पर कुछ नाम चल रहे हैं मगर वास्तविकता यह है कि अभी लिस्ट फायनल नहीं हुई है। सीएम विष्णुदेव साय समेत कुछ नेता कल दिल्ली गए थे, वे अपना सुझाव दिए हैं। मगर अंतिम निर्णय अमित शाह और जेपी नड्डा की बैठक में होगा। दोनों नेता तय करेंगे कि मंत्रिमंडल में कितने नाम पुराने होंगे और कितने नए। अभी मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम नए कोटे से चुने गए हैं। मुख्यमंत्री को छोड़कर कुल 12 मंत्री की सीटें हैं। इनमें से दो बन गए हैं। और दो लोकसभा चुनाव के बाद के लिए आरक्षित रखी जाएंगी। याने अभी आठ मंत्री शपथ लेंगे। अब देखना है कि शाह और नड्डा इनमें से कितने नए और कितने पुराने के नाम पर टिक लगाते हैं।

अफसरों ने फैलाया रायता

छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का कल शाम शपथ ग्रहण होगा...आज शाम तेजी यह खबर वायरल हुई। दरअसल, इंडोर स्टेडियम में आज सुबह से जोर-शोर से तैयारी चल रही थी। मंच के साथ वीआईपी कुर्सियां सजा दी गई। दोपहर बाद जब स्वागत द्वार बीजेपी के रंगों में सजने लगा तो मीडिया कर्मियों के कान खड़े हुए। उसके बाद खबर चलने लगी कि कल शाम मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने अति उत्साह में शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू करने का निर्देश दे दिया, ये सोचकर कि आजकल में इस पर फैसला तो होगा ही। जबकि, आमतौर पर पार्टी मुख्यालय या फिर सरकार से अधिकृत जानकारी मिले बिना इस तरह की तैयारी शुरू नहीं की जाती। मगर अफसरों ने अति उत्साह में स्थिति हास्यपद कर दी। वैसे चर्चा पहले से थी कि तीन दिन का सत्र समाप्ति के बाद 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली जाएंगे। और उसी के आसपास मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण होगा। यानी यह क्लियर था कि सत्र के बाद ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।


रायपुर के इंडोर स्‍टेडियम में चल रही शपथ ग्रहण की तैयारी



Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story