Begin typing your search above and press return to search.

छत्‍तीसगढ़ में कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल होगा स्‍थगित, सीएम की घोषणा के बाद पढि़ए क्‍या कहा कर्मचारी नेताओं ने

छत्‍तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्‍न मांगों को लेकर 1 अगस्‍त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर रखा है। इस बीच मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा से परिस्थितियां बदल गई हैं।

छत्‍तीसगढ़ में कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल होगा स्‍थगित, सीएम की घोषणा के बाद पढि़ए क्‍या कहा कर्मचारी नेताओं ने
X
By Sanjeet Kumar

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों का आंदोलन टल सकता है। मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल की तरफ से की गई सौगातों की बारिश के बाद कर्मचारी संगठन बैठक करने की तैयारी में हैं। इस बैठक में कर्मचारी संगठन 1 अगस्‍त से प्रस्‍तावित अनिश्चितकाली हड़ताल को लेकर निर्णय लेंगे।

इस वर्ष का सावन मानो सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष बरसने आया हो। दिन था छत्तीसगढ़ विधानसभा में मानसून सत्र का अनुपूरक बजट प्रस्तुत करने का और पटल पर थे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल। जैसे ही मुख्यमंत्री ने अनुपूरक बजट प्रस्ताव पेश किया, सरकारी कर्मचारियों की बांछे खिल गई। घोषणा हुई कि सरकारी कर्मचारियों को 4 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता दिया जाएगा और शहरी क्षेत्र में 9 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्र में 6 प्रतिशत गृह भाड़ा भत्ता सातवें वेतनमान के अनुसार एवं संविदा कर्मचारियों के वेतन में 27 प्रतिशत की वृद्धि कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री की घोषणा का छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा द्वारा दोनों हाथ उठाकर स्वागत किया गया है एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया गया है। संयुक्त मोर्चा के नेतृत्वकर्ता कमल वर्मा, अनिल शुक्ला व महेन्द्र सिंह राजपूत ने कर्मचारी हितैषी निर्णयों पर खुशी जाहिर करते हुए शीघ्र ही मुख्यमंत्री से शेष मांगो पर चर्चा कर समाधान निकालने की बात कही है।

मांगों के पूरा होने पर संयुक्त मोर्चा के प्रवक्ताद्वय संजय तिवारी एवं चन्द्रशेखर तिवारी सहित संयुक्त मोर्चा समस्त घटक संघों के प्रांताध्यक्षों ने प्रसन्नता जताते हुए शासन के प्रति आभार प्रकट किया है। संयुक्त मोर्चा द्वारा कर्मचारियों की आवाज को बुलंद करते हुए 5 सूत्रीय मांगों का मांग पत्र द्वारा हड़ताल का नोटिस शासन को प्रेषित कर विगत 7 जुलाई को प्रदेशव्यापी हड़ताल की घोषणा की गई थी। उसी तारतम्य में एक दिन पूर्व 6 जुलाई को केबिनेट में 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता की घोषणा की गई। किंतु कर्मचारियों का आक्रोश 7 जुलाई की एक दिवसीय प्रांतव्यापी हड़ताल के रूप में दिखाई दिया। इसके पश्चात मोर्चा द्वारा पांचों मांगों की पूर्ति के लिए 31 जुलाई तक का अल्टीमेटम देकर 1 अगस्त से मंत्रालय, संचालनालय सहित प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का आह्वान किया था। हड़ताल के परिप्रेक्ष्य में संयुक्त मोर्चा से घटक संगठनों की अतिशीघ्र बैठक रायपुर में आयोजित की जा रही है।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story