Begin typing your search above and press return to search.

बड़ी खबर: खेत का धान नहीं कटा और किसान के नाम पर टोकन लेकर धान बेचने पहुंचे पति-पत्नी, 42 क्विंटल जब्त

बड़ी खबर: खेत का धान नहीं कटा और किसान के नाम पर टोकन लेकर धान बेचने पहुंचे पति-पत्नी, 42 क्विंटल जब्त
X
By NPG News

बैकुंठपुर। धान खरीदी केंद्र में फर्जीवाड़े का नया मॉडल सामने आया है। जिला प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है। घटना गिरजापुर धान खरीदी केंद्र की है। पति-पत्नी एक ऐसे किसान के नाम पर टोकन लेकर धान बेचने पहुंचे थे, जिसके खेतों में अभी कटाई भी नहीं हुई है। संदेह के आधार पर जांच की गई और 42 क्विंटल धान जब्त कर लिया गया है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा धान उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनके द्वारा लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 नवंबर को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति गिरजापुर में संदेह के आधार पर एक किसान के टोकन की जांच की गई, जिसमें 42.40 क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन लिया गया था। इसकी जांच सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गिरजापुर, जिला खाद्य अधिकारी, प्रबंधक गिरजापुर, पटवारी और अन्य की उपस्थिति में की गई। किसान के टोकन पर धान विक्रय हेतु पहुंची पत्नी और वाहन चालक द्वारा पूछताछ के दौरान भ्रामक जानकारी दी गयी। उक्त संबंध में पटवारी द्वारा स्थल जांच भी की गई, जिसमें पता चला कि खातेदार किसान की भूमि का धान अभी कटा नहीं है। मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और धान को जब्त कर लिया गया। कलेक्टर लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में प्रशासनिक टीमों के द्वारा अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अवैध धान आवक पर लगातार प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story