Begin typing your search above and press return to search.

CG Mahasamund News-प्रेमिका के लिए पत्नी का कत्ल: बैंककर्मी पति ने हत्या से पहले पत्नी का करवाया इंश्योरेंस, फिर चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट...

CG Mahasamund News-प्रेमिका के लिए पत्नी का कत्ल: बैंककर्मी पति ने हत्या से पहले पत्नी का करवाया इंश्योरेंस, फिर चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट...
X
By NPG News

Mahasamund News महासमुंद। पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरकारी बैंक में क्लर्क के पद पर पदस्थ है। उसका गांव की ही अन्य महिला से लंबे समय से अवैध संबंध चल रहा था, जिसके चलते पत्नी के टोका-टाकी से परेशान होकर आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। वही हत्या को अंजाम देने के 20 दिन पहले ही उसका इंश्योरेंस करवा दिया, ताकि इंश्योरेंस क्लेम की राशि उसे मिल सके। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार लगभग दो वर्ष पूर्व 26 मार्च 2021 को ग्राम बम्हनी निवासी 50 वर्षीय संतोषी बाई पति परमानंद यादव की घर में खून से लथपथ लाश मिली थी। अज्ञात आरोपी ने किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी थी। मृतिका संतोषी बाई का पति परमानंद यादव जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महासमुंद शाखा में क्लर्क के पद पर पदस्थ है। कोतवाली थाने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही थी। इसी बीच नए एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई के आने के पश्चात पुराने अनसुलझे मामलों की फाइल खुलवाई गई। जिसमें मृतिका संतोषी यादव के हत्या का प्रकरण खोला गया। पुलिस टीम के द्वारा मृतिका संतोषी यादव से जुड़ी हुई छोटी से छोटी जानकारी जैसे परिवार संबंधी, भूमि बंटवारा, प्रेम संबंध व मृतिका के निजी जीवन के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पता चला कि मृतिका के पति परमानंद यादव का गांव की ही एक अन्य महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था जिसकी जानकारी मृतिका संतोषी यादव को हो गई थी और वह आए दिन अपने पति को इस संबंध में रोक-टोक करती थी। जिसकी वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। पत्नी से रोजाना के विवाद से परेशान होकर परमानंद ने अपनी पत्नी की हत्या करने की प्लानिंग की।

आरोपी को इसी बीच एलआईसी एजेंट से ज्ञात हुआ कि यदि किसी व्यक्ति की टर्म लाइफ इंश्योरेंस हो तो मृत्यु के बाद नामिनी व्यक्ति को पैसा मिलता है। जानकारी होने पर परमानंद यादव ने अपनी पत्नी संतोषी यादव के नाम से उसकी हत्या के 20 दिन पहले ही 8-8 लाख के दो टर्म इंश्योरेंस करवाया। 26 मार्च 2021 को परमानंद यादव ड्यूटी करके अपने गांव पहुंचा। अपने आने की जानकारी किसी को ना लगे इसलिए उसने अपनी बाइक अंधेरे में छुपा दिया। फिर घर में प्रवेश किया। इस दौरान उसकी पत्नी संतोषी यादव किचन में रोटी बना रही थी। परमानंद यादव ने अपने साथ लाए चाकू से पत्नी पर कई वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। फिर वहां पड़े गमछे के टुकड़े से हाथ और चाकू को पोछकर पीछे दरवाजे से निकला और अपने आप को महासमुंद में होना बताने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से महासमुंद पहुंच गया। रास्ते में हत्या में प्रयुक्त चाकू को फेंक दिया। रास्ते में ही उसके पास छोटे भाई का फोन आने पर वह अपने आपको महासमुंद में होना बताकर अपने भाई के घर रमन टोला महासमुंद गया। वहां से अपने भाई के साथ वापस अपने घर आया। पुलिस ने आरोपी परमानंद यादव को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तब उसने अपनी पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया जिस पर उसे जेल दाखिल किया गया है।

Next Story