Begin typing your search above and press return to search.

ब्रेकिंग न्यूज: मोरबी में BJP सांसद के परिवार के 12 लोगों की मौत, अब तक 141 लाशें मिलीं, 170 का रेस्क्यू; पीएम आज जा सकते हैं...

ब्रेकिंग न्यूज: मोरबी में BJP सांसद के परिवार के 12 लोगों की मौत, अब तक 141 लाशें मिलीं, 170 का रेस्क्यू; पीएम आज जा सकते हैं...
X
By NPG News

NPG ब्यूरो। गुजरात के मोरबी में हुए हादसे में अब तक 141 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें राजकोट के बीजेपी सांसद मोहन कुंदरिया के परिवार की 12 लोगों के मरने की खबर है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने अब तक 170 लोगों का रेस्क्यू किया है। मरने वालों में 50 से ज्यादा बच्चे व महिलाएं हैं। अभी भी कई लोग गायब हैं। वायुसेना के गरुड़ कमांडो भी रेस्क्यू में जुटे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी अभी गुजरात के केवड़िया में हैं। उन्होंने अहमदाबाद का रोड शो रद्द कर दिया है। पीएम मोदी मोरबी जा सकते हैं। इधर, केबल सस्पेंशन ब्रिज की मैनेजमेंट कंपनी पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। बता दें कि मोरबी में रविवार करीब 6.30 बजे सस्पेंशन ब्रिज टूटा, जिससे करीब 400 लोग मच्छू नदी में गिर गए। हादसे की खबर मिलने पर सीएम भूपेंद्र पटेल घटनास्थल पहुंच गए थे।

100 की क्षमता वाले सस्पेंशन ब्रिज में 400 लोग

जानकारी के मुताबिक 143 साल पुराने इस सस्पेंशन ब्रिज का दो करोड़ रुपए में रिनोवेशन कर दिवाली के बाद पर्यटकों के लिए खोला गया था। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग जमा थे। 100 की क्षमता वाले सस्पेंशन ब्रिज में करीब 400 लोग थे, जिसे प्रारंभिक रूप से हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलने पर पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दुख जताया है और सीएम भूपेंद्र पटेल से जानकारी ली है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजन को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, सीएम पटेल ने मृतकों के परिजन को चार लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

इस घटना पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, छत्तीसगढ़ के भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने दुख व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। कांग्रेस ने इस घटना पर राज्य सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने कहा कि चुनाव की जल्दबाजी में ब्रिज को लोगों के लिए खोल दिया गया।

Next Story