Begin typing your search above and press return to search.

Bilaspur News: नगर निगम की बड़ी लापरवाही, तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स ढहा, बिल्डिंग के पास नाली निर्माण के लिए हो रही थी खुदाई...

Bilaspur News: नगर निगम की बड़ी लापरवाही, तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स ढहा, बिल्डिंग के पास नाली निर्माण के लिए हो रही थी खुदाई...
X
By yogeshwari varma

बिलासपुर। न्यायधानी में आज सुबह तीन मंजिला कांप्लेक्स डह गया। कांप्लेक्स के सामने ही नाला निर्माण के लिए नगर निगम खुदाई कर रहा था। माना जा रहा है कि नगर निगम के बेतरतीब खुदाई के चलते कांप्लेक्स की नींव को नुकसान पहुंचा और वह डह गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अभी तक कोई जनहानि की खबर नहीं है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

न्यायधानी में नगर निगम जगह जगह पानी निकासी के लिए नाला खुदाई करवा रहा है। इसी क्रम में मंगला चौक से महाराणा चौक जाने वाले रिंग रोड में भी खुदाई हो रही है। रिंग रोड में स्थित रानी सती दादी मंदिर के बाजू में मेडिकल कारोबारी विकास गुप्ता ने तीन मंजिला व्यवसायिक कांप्लेक्स का निर्माण करवाया है । काम्प्लेक्स का निर्माण हाल ही में हुआ है। वहां उनकी विकास मेडिकल स्टोर के नाम से मेडिकल दुकान चलती है। इसके साथ ही ज्वेलरी शॉप है। जिसके सामने भी नाला के लिए खुदाई की जा रही थी। आज सुबह करीबन साढ़े 6 बजे व्यावसायिक कांप्लेक्स भरभरा कर गिर गया। गनीमत यह रही कि तड़के सुबह की घटना होने के चलते ना तो कांप्लेक्स में कोई था और ना ही कांप्लेक्स के आसपास कोई था। नाला निर्माण करने वाले मजदूर भी वहां नहीं पहुंचे थे। जिसके चलते अब तक कोई जनहानि की खबर नहीं आई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस के साथ ही जिला प्रशासन व निगम का रेस्क्यू अमला मौके पर पहुंच गया। मौके से कुछ ही दूरी पर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत का बंगला भी है। हादसे की सूचना मिलते ही वह भी मौके पर पहुँच गए। साथ ही सीएसपी संदीप पटेल भी मौके पर पहुँच गए। फिलहाल जेसीबी व क्रेन के माध्यम से मलबा निकालकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। जिसके बाद ही नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मिली जानकारी के अनुसार बरसात में जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर निगम शहर में 50 करोड़ की लागत से नाला निर्माण व पुराने नालों की मरम्मत करवा रहा है। मानसून आने से पहले हो जाने वाले इस काम को अब तक खत्म नहीं किया जा सका है। जिसके चलते हड़बड़ी में बेतरतीब ढंग से खुदाई करके नाला निर्माण किया जा रहा है प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि बेतरतीब खुदाई के चलते ही काम्प्लेक्स को नुकसान पहुँचा है। काम्प्लेक्स के सामने भी 12 से 15 फिट गड्ढा किया गया है। काम्प्लेक्स मालिक विकास गुप्ता के अनुसार इससे वहां पर जमीन धंसकने लगी थी। जिसकी शिकायत भी उन्होंने निगम के अफसरों से की थी। कल निगम के अफसर प्रवीण शुक्ला ने भी मौके का जायजा लिया था। पर कोई ठोस कदम नही उठाने के चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने काम्प्लेक्स ढहने के लिए पूर्ण रूप से नाला निर्माण करने वाले ठेकेदार व निगम के अफसरों को जिम्मेदार मानते हुए शिकायत की बात कही है।

Next Story