हड़ताल शुरू होने से पहले विधानसभा सत्र के लिए ड्यूटी लगाने का आदेश जारी, शिक्षक व कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आंदोलन कुचलने का प्रयास

धमतरी। केंद्र के समान महंगाई भत्ता व गृह भाड़ा भत्ता की मांग को लेकर 25 जुलाई से शिक्षक व कर्मचारी अधिकारी हड़ताल पर जाने वाले हैं। हड़ताल शुरू होने से पहले ही धमतरी कलेक्टर ने विधानसभा सत्र के ड्यूटी के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि विधानसभा में प्रेषित प्रश्नो की जानकारी तत्काल प्रेषित कर उच्च कार्यालय को उपलब्ध करवाना पड़ता है। अतः अधिकारी कर्मचारियों के अवकाश स्वीकृति नही दी जायेगी। साथ ही मुख्यालय छोड़ने की भी मनाही है। शिक्षक व कर्मचारी नेताओं ने इसे आंदोलन कुचलने की सरकार की रणनीति बताते हुए पीछे नही हटने का एलान कर दिया है।
अपनी दो सूत्रीय मांगों के लेकर कर्मचारी अधिकारी संगठन व शिक्षक संगठन 25 जुलाई से 5 दिवसीय हड़ताल में जाने वाले थे। पर छतीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा,शालेय शिक्षक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे,नवीन शिक्षक संघ के अध्यक्ष विकास राजपूत व प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष करनसिंह अटेरिया ने मांगे पूरी होने तक अनिश्चित कालीन हड़ताल में जाने का एलान कर दिया है।
इस सम्बंध में छतीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि हड़ताल शुरू होने से पहले ही हड़ताल को कुचलने के उद्देश्य से दमनात्मक कार्यवाही हेतु एसे आदेश जारी किए जा रहे हैं। पर इसका हम पर कोई प्रभाव नही पड़ने वाला और हम सभी साथी मांगे पूरी होने तक अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेंगे।