Begin typing your search above and press return to search.

अंतिम विदाई: सादगी के साथ PM मोदी ने मां को दी अंतिम विदाई, PM के पहले से तय कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं

अंतिम विदाई: सादगी के साथ PM मोदी ने मां को दी अंतिम विदाई, PM के पहले से तय कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं
X
By NPG News

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी मां को मुखाग्नि दी और वे पंचतत्व में विलीन हो गईं। ऐसा शायद पहली बार हुआ है जब प्रधानमंत्री जैसे पद पर रहते हुए किसी ने इतनी सादगी के साथ परिजन के निधन पर उन्हें सिर्फ पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में सादगी के साथ विदाई दी हो। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खासियत है। मां के अंतिम संस्कार के बाद उनके पहले से तय कार्यक्रम में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।


प्रधानमंत्री के दफ्तर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। गांधीनगर में हीरा बा का अंतिम संस्कार हुआ और प्रधानमंत्री की मौजूदगी के बावजूद गुजरात का मुख्यमंत्री या भाजपा का कोई पदाधिकारी, कार्यकर्ता मुक्तिधाम नहीं पहुंचा। इससे पहले आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में 100 साल की उम्र में हीरा बा का निधन हो गया। मोदी ने खुद ही निधन की जानकारी ट्वीट के जरिए दी। इसके बाद सुबह 7:45 बजे अहमदाबाद पहुंचे। यहां से वे सीधे गांधीनगर के रायसण गांव में भाई पंकज मोदी के घर गए। उनके पहुंचते ही अंतिम यात्रा शुरू हो गई। अंतिम सफर बिना साज सज्जा वाली सामान्य से शव वाहन में शुरु हुई।


अंतिम सफर के दौरान वे मां की पार्थिव देह कंधे पर लेकर गांधी नगर स्थित घर से निकले। यात्रा के दौरान वे शव वाहन में ही पार्थिव देह के करीब बैठे रहे। प्रधानमंत्री के दफ्तर ने ट्वीट कर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतिम संस्कार के बाद अपने सभी तय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बंगाल में अहम प्रोजेक्ट भी लॉन्च करेंगे। यहां स्वच्छ गंगा मिशन के प्रोजेक्ट के उद्घाटन के दौरान बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के सीएम नीतीश कुमार के अलावा उत्तराखंड और झारखंड के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

Next Story