एक्टर की सड़क हादसे में मौत: अभिनेता ने मंगेतर संग मनाया था वैलेंटाइन डे, इंस्टाग्राम पर तस्वीरें भी की थी शेयर

नईदिल्ली 16 फरवरी 2022. पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू की मंगलवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। ये हादसा खरखौदा में कुंडली-मानेसर-पलवाल एक्सप्रेसवे के पास हुआ। जबकि उनकी मंगेतर घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। दीप सिद्धू की गाड़ी हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराने से यह हादसा हुआ। दीप सिद्धू अपनी मंगेतर के साथ स्कार्पियो में दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खरखौदा सीएचसी में रखवा दिया। गायक दीप सिद्धू और उनकी मंगेतर ने दिल्ली में ही वेलेंटाइन डे मनाया था। इसके बाद मंगेतर रीना रॉय ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर की थीं।
जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बताया कि हादसा रात 8 से 8:30 बजे के बीच हुआ। हादसे के वक्त दीप सिद्धू खुद स्कॉर्पियों को ड्राइव कर रहे थे और उनके साथ एक उनकी NRI मित्र थी। हादसे के दौरान ट्रक और कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दीप सिद्धू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सोनीपत के SP राहुल शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि ड्राइवर अब भी फरार है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि स्कॉर्पियो चलाते समय अचानक दीप सिद्धू को वहां खड़ा ट्राला दिखा। उन्होंने गाड़ी घुमाने की कोशिश की, ताकि ट्राले से टक्कर ना हो लेकिन उनकी गाड़ी ड्राइवर साइड से ट्राले के पीछे जा घुसी। दीप सिद्धू खुद गाड़ी चला रहे थे, इसलिए उनकी हादसे के वक्त ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करने की बात कही है।
दीप सिद्धू के निधन पर पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट किया, "मशहूर अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता दीप सिद्धू की निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवार और फैंस के साथ हैं."
दीप सिद्धू को पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम माना जाता है. उन्होंने फिल्म 'रमता जोगी' के ज़रिए पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री की थी. इस फिल्म के बाद वो जोरा चैप्टर 1 और जोरा चैप्टर 2 में नज़र आए थे. ये दोनों ही फिल्में उनकी सुपरहिट रही थीं. सिद्धू को इन्हीं फिल्मों के चलते पंजाब में जोरा के नाम से भी जाना जाता था.
किसान आंदोलन के दौरान पिछले साल लाल किले पर हुई हिंसा के मामले में अभिनेता दीप सिद्धू का नाम सामने आया था. उन्हें इस मामले में गिरफ्तार भी किया गया था. कई महीनों तक जेल में रहने के बाद उन्हें ज़मानत मिल गई थी. ज़मानत याचिका में दीप सिद्धू ने अदालत में खुद को बेकसूर बताया था.
