स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा फैसला: कोरोना से ठीक होने के तीन महीने बाद ही लगेगी वैक्सीन, सरकार की नई गाइडलाइंस…

नईदिल्ली 19 मई 2021. अगर आपने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली है और आप संक्रमित हो गये तो आपको दूसरे डोज के लिए तीन महीने तक इंतजार करना होगा. स्वास्थ्य मंत्रालय की नयी गाइडलाइन के अनुसार अगर कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित हो जाता है तो उसकी रिकवरी के तीन महीने बाद ही उसे वैक्सीन का दूसरा डोज लगेगा.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 (NEGVAC) के लिए वैक्सीन प्रशासन पर राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह की नई सिफारिशों को स्वीकार कर लिया गया है और राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को सूचित कर दिया गया है. नई सिफारिशों के अनुसार, बीमारी से उबरने के बाद कोविड-19 टीकाकरण को 3 महीने के लिए टाल दिया जाएगा.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पहली खुराक के बाद संक्रमित होने पर, दूसरी खुराक को कोविड-19 से क्लिनिकल रिकवरी के बाद 3 महीने के लिए टाल दिया जाएगा. अस्पताल में भर्ती या आईसीयू देखभाल की आवश्यकता वाले किसी अन्य गंभीर बीमारी वाले व्यक्तियों को भी टीका लगने से पहले 4-8 सप्ताह तक इंतजार करना होगा.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा कि कोई व्यक्ति वैक्सीन लगाने के या COVID से पीड़ित होने पर RT-PCR नेगेटिव टेस्ट रिपोर्ट आने के 14 दिन बाद रक्तदान कर सकता है. स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए टीकाकरण की सिफारिश की गई है. टीकाकरण से पहले रैपिड एंटीजन टेस्ट द्वारा वैक्सीन प्राप्तकर्ताओं की स्क्रीनिंग की कोई आवश्यकता नहीं.
ऐसे मामलों में करना होगा इंतजार-
– जिन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.उन्हें रिकवरी के तीन महीने बाद वैक्सीन की डोज दी जाएगी.
– कोरोना संक्रमित जिन्हें एंटीबॉडी या फिर प्लाज्मा दिया गया है, उन्हें भी अस्पताल से डिस्चार्ज होने के तीन महीने बाद वैक्सीन की डोज दी जाएगी.
– जो लोग पहली डोज के बाद कोरोना संक्रमित हुए हैं. उन्हें भी रिकवरी के तीन महीने बाद ही कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी.
– ऐसे लोग जो किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें भर्ती किए जाने या आईसीयू केयर की जरूरत है. उन्हें भी चार से आठ सप्ताह तक वैक्सीन का इंतजार करना चाहिए.
– गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन देने को लेकर विचार किया जा रहा है. NTAGI की तरफ से इस मामले पर आगे की जानकारी दी जाएगी.
मंत्रालय की ओर से यह कहा गया है कि नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप आॅफ वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन की सिफारिश को मान लिया गया है और इस बारे में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सूचित कर दिया गया है.
कुछ दिनों पहले सरकार ने कोविशील्ड वैक्सीन को लेकर यह कहा था कि इस वैक्सीन के दूसरे डोज में 12-16 सप्ताह का अंतर होना चाहिए. उससे इस वैक्सीन के दूसरे डोज का अंतर 6-8 सप्ताह का था. जब से सरकार ने वैक्सीन के दो डोज के बीच अंतराल को बढ़ाया है एक्सर्ट यह मांग कर रहे थे कि जिन्हें कोरोना का संक्रमण हुआ है उन्हें वैक्सीन तीन महीने या फिर उससे ज्यादा के अंतराल पर दिया जाये.
