बिग ब्रेकिंग : लॉकडाउन पर CM भूपेश का आया बयान …… समीक्षा बैठक के पहले कोरोना पर मुख्यमंत्री ने कही बड़ी बातें…. ऑनलाइन-ऑफलाइन परीक्षा को लेकर क्या कहा? पढ़िये पूरी खबर

रायपुर/बिलासपुर 21 मार्च 2021। छत्तीसगढ़ में कोरोना से दिन प्रतिदिन हालात बिगड़ रहे हैं। आज कोरोना ने तो इस साल का रिकार्ड ही तोड़ दिया है। प्रदेश में 24 घंटे में 1300 के करीब मरीज मिले हैं, जबकि 10 लोगों की मौत भी हुई है। कोरोना बढ़े खतरे के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को कोरोना की समीक्षा करने वाले हैं। मुख्यमंत्री का समीक्षा बैठक से पहले लॉकडाउन को लेकर एक बयान भी आया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को बिलासपुर दौरे के दौरान लॉकडाउन को लेकर पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए लॉकडाउन से इंकार किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि .. .
“मैं लॉकडाउन के पक्ष में नहीं हूं, क्योंकि लॉकडाउन से कारोबारियों और छोटे-बडे़ दुकाननदारों के साथ-साथ कई लोग प्रभावित होते हैं, आर्थिक स्थिति पर भी इसका प्रभाव पड़ता है, कोरोना के मरीज बढ़े हैं, कोरोना को लेकर नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा, ताकि कोरोना से लड़ भी सकें और रोजी-रोटी की भी परेशानी भी ना हो, क्योंकि लॉकडाउन होने से साग सब्जी बेचने वाले, रोज कमाने वाले लोग काफी प्रभावित होते हैं”
आज प्रदेश में कोरोना की स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री आज मंत्रियों के साथ चर्चा भी करेंगे और अफसरों से रिपोर्ट भी लेंगे। माना जा रहा है कि आज की बैठक में मुख्यमंत्री कोरोना के मद्देनजर कोई कड़ा निर्देश अफसरों को दे सकते हैं। खबरें अंदरखाने ये भी आयी है कि आज मुख्यमंत्री उन इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित करने का निर्देश भी जारी कर सकते हैं, जहां सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन स्तर पर इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी है। रायपुर में कंटेनमेंट जोन बनाने का निर्देश जारी हो चुका है। इसके अलावा शासनस्तर पर कलेक्टरों को कोरोना के मद्देनजर सख्ती और कंटेनमेंट जोन बनाने के निर्देश दिये गये थे।
उन्होंने लोहंडीगुड़ा की कॉपी गायब होने के मामले में जरूरत पड़ने पर जांच कराने की बात कही। वहीं ऑनलाइन परीक्षा की मांग उठने के संबंध में रविवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में चर्चा की बात कही है।
