
नईदिल्ली 1 अक्टूबर 2021. इंडियन प्रीमीयर लीग 2021 का 14वां सीजन जारी है और अब प्लेऑफ की तसवीर साफ होने लगी है. धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गयी है और हैदरबाद का पत्ता साफ हो गया है. वहीं प्वाइंटस टेबल में 6वें स्थान पर बरकरार पंजाब किंग्स को एक बड़ा झटका लगा है. यूनिवर्स बॉस के नाम से दुनियाभर में मशहूर वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 2021 से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है.
बता दें कि धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल आईपीएल 2021 में पंजाब किंग्स के लिए बाकी बचे मैचों में खेलते नजर नहीं आएंगे. पंजाब किंग्स ने इस बात की आधिकारिक तौर पर घोषणा की. पंजाब किंग्स ने इस बारे में बयान जारी करते हुए कहा कि गेल मानसिक थकान के कारण आईपीएल के बायोबबल को छोड़ देंगे. जानकारी के मुताबिक उन्होंने ये निर्णय अगले महीने आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए खुद को तरोताजा करने के लिए किया है.
मालूम हो कि गेल को 15 सदस्यों वाली विंडीज टीम में जगह मिली है. वह हाल ही में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई घरेलू टी20 सीरीज में भी टीम का हिस्सा थे. उसके बाद CPL में भी गेल ने अपनी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया था. जहां तक IPL 2021 की बात है, तो गेल ने इस सीजन में खेले 10 मैचों में सिर्फ 193 रन बनाए है. दो बार की विश्व विजेता विंडीज टीम के सदस्य रह चुके है. मालूम हो कि विंडीज टीम मौजूदा टी20 चैंपियन है.
