बिफरे ननकी राम कंवर .. शराब बिक्री पर ग़लत आँकड़ा देने का लगाया आरोप.. नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा – “सरकार के संरक्षण में अवैध शराब बिक रही है” मंत्री कवासी का जवाब – “उधर आपका योगी है.. काहे भेजता है”

रायपुर,5 मार्च 2020। आबकारी की बिक्री को लेकर उठे सवाल पर आए जवाब ने वरिष्ठ विधायक ननकीराम कँवर को बिफ़रा कर रख दिया। ननकी राम कँवर ने प्रदेश में आबकारी विभाग में आमदनी की जानकारी माँगी जिस पर मंत्री कवासी ने कहा –
“आय घटी है.. हम लोग शराब बंदी करने की ओर बढ़ रहे हैं”
इस पर वरिष्ठ विधायक ननकीराम कँवर बिफरे –
“आप ग़लत जानकारी दे रहे हैं.. बाहर से शराब आ रही है.. कल ही यूपी से दस लाख की शराब पकड़ाई.. पता नहीं है क्या.. टिकरापारा पुलिस मे जप्त है.. पता करा लीजिये.. नहीं पता है आपको”
ननकीराम के नाराजगी भरे तेवर को नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने यह कहते हुए समर्थन दिया –
“ दो नंबर की शराब आपकी दुकानों से बिक रही है.. सरकार के संरक्षण में अवैध शराब बिक रही है.. और यह कह रहे हैं कि बिक्री कम हो रही है..”
इस पर मंत्री कवासी लखमा ने मुस्कुराते हुए कहा
“वो दारु उधर आपका योगीजी है.. वो काहे भेजता है.. उसको बोलो”
मंत्री कवासी ने कहा –
“ पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है.. पकड़ हूँ तो रही है.. और पकड़ेंगे”
इस पर विधायक ननकीराम कँवर फिर बिफरे और फिर उन्होंने कहा –
“ हाँ.. पुलिस काम कर रही है.. कल मेरे क्षेत्र में पुलिस शराब पकड़ी और तीस हज़ार रुपए लेकर छोड़ दी.. यही काम कर रही है..”
