Begin typing your search above and press return to search.

‘नीरज’ नाम वालों की खुल गई लॉटरी….यहां ‘नीरज’ नाम वालों को फ्री पेट्रोल और सैर का ऑफर !

‘नीरज’ नाम वालों की खुल गई लॉटरी….यहां ‘नीरज’ नाम वालों को फ्री पेट्रोल और सैर का ऑफर !
X
By NPG News

नईदिल्ली 10 अगस्त 2021. नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympic) में सोना जीत कर भारत का सम्मान तो बढ़ाया ही है, सभी ही नीरज नाम वालों की भी चांदी कर दी है. गुजरात के भरूच के एक पेट्रोल पंप मालिक ने ऐलान किया है कि जो भी नीरज नाम का व्यक्ति उनके पेट्रोल पंप पर आएगा, उसे पेट्रोल और डीजल मुफ्त में दिया जाएगा. अगर आपका नाम भी नीरज है तो जल्दी कीजिए. ऑफर सोमवार तक ही लिमिटेड है. करना बस इतना होगा कि कोई पहचान पत्र दिखाना होगा, जिससे आपके नाम की पुष्टि हो जाएगी.

इस पेट्रोल पंप मालिक ने रविवार को अपने पंप पर बोर्ड लगा दिया कि नीरज नाम के हर व्यक्ति को सोमवार शाम यानी आज शाम 5 बजे तक 501 रुपए का मुफ्त पेट्रोल मिलेगा. एसपी पेट्रोलियम के मालिक ने बताया कि यह ऑफर नीरज चोपड़ा की जीत के सम्मान में दिया गया है. नीरज नाम के हर शख्स को अपना पहचान पत्र दिखाने पर फ्री पेट्रोल मिल रहा. इतना ही नहीं, मालिक ने अपने पंप पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे इस नाम वाले हर व्यक्ति का फिलिंग स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत करें.

दरअसल गुजरात के भरूच में एक पेट्रोल पंप के मालिक जिनका नाम अयूब पठान है, उन्होंने ओलंपिक गोल्डमेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को सम्मान देने के लिए अपने पंप में नीरज नाम के हर शख्स को फ्री पेट्रोल देने की घोषणा कर दी है.

पेट्रोल पंप मालिक ने फ्री पेट्रोल लेने के लिए कुछ नियम और शर्तें लागू की है. जिसके अनुसार यह ऑफर केवल नीरज नाम वालों के लिए है. दूसरा ऑफर केवल दो दिनों के लिए है. तीसरा 501 रुपये तक का ही फ्री पेट्रोल दिया जा रहा है. इसके अलावा इस ऑफर का लाभ लेने वाले नीरज नाम के हर शख्स को अपना वैध आईडी कार्ड दिखाना होगा.

इधर इसी तरह का ऑफर जूनागढ़ के गिरनार रोप-वे में नीरज नाम के लोगों को फ्री में सैर कराया जा रहा है. कंपनी ने यह ऑफर गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को सम्मान देने के लिए दिया है. मीडिया रिपोर्ट क अनुसार नीरज नाम के लोग 20 अगस्त तक इस ऑफर का लाभ उठा सकते हैं.

गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा पर पैसों की भी बरसात हो रही है. हरियाणा सरकार ने 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है, तो पंजाब सरकार 2 करोड़, मणिपुर सरकार 1 करोड़ और बीसीसीआई ने भी एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. नीरज सहित ओलंपिक मेडलिस्टों को फ्री हवाई सफर का भी ऑफर मिल चुका है.

Next Story