CM के पिता को जमानत: मुख्यमंत्री भूपेश के पिता नंदकुमार बघेल को रायपुर कोर्ट से मिली बेल… जातिगत टिप्पणी मामले में पुलिस ने किया था गिरफ्तार, 7 सितंबर को गए थे जेल

रायपुर 10 सितंबर 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता को रायपुर कोर्ट से जमानत दे दी गई है। नंदकुमार बघेल सात सितंबर से केंद्रीय जेल रायपुर में बंद थे। जमानत को लेकर उनके वकील ने अर्जी लगाईं थी, जिसके बाद उन्हें कोर्ट से बेल दे दी गई है।
बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता के खिलाफ डीडी नगर थाने में ब्राहमण समाज ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने नंद कुमार बघेल के खिलाफ थाने में 505 और 153 के तहत अपराध दर्ज किया था। नंद कुमार बघेल ने अपने एक बयान मे ब्राहमणों को बाहरी और विदेशी बताया था। इस बात से नाराज ब्राहमणों ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने आगरा से नंदकुमार बघेल को गिरफतार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था। इस दौरान जनक कुमार हिडको के कोर्ट में करीब एक घंटे चली बहस के बाद उन्हें 15 दिनों के लिए जेल भेजने का निर्देश दिया था। इसके बाद वो 7 सितंबर से जेल में बंद थे। आज उन्हें बेल दे दी गई है।
