Begin typing your search above and press return to search.

TVS का बड़ा धमाका! मात्र ₹1.25 लाख में लॉन्च हुई नई Apache RTR 160 4V, अब बेस मॉडल में भी मिलेगा स्लिपर क्लच

TVS ने भारत में 2026 Apache RTR 160 4V लॉन्च कर दी है। ₹1.25 लाख की शुरुआती कीमत वाली इस बाइक में अब प्रोजेक्टर हेडलैंप और स्लिपर क्लच जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड मिलेंगे। इसके टॉप मॉडल में TFT डिस्प्ले और ट्रैक्शन कंट्रोल भी दिया गया है।

2026 TVS Apache RTR 160 4V
X

Image Source: tvsmotor.com | Edited By: NPG News

By swapnilkavinkar

2026 TVS Apache RTR 160 4V: टीवीएस मोटर कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी 2026 Apache RTR 160 4V रेंज को अपडेट के साथ लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बार बाइक के मैकेनिकल और टेक्निकल फीचर्स में कुछ बदलाव किए हैं। अब नई अपाचे की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.25 लाख रुपये तय की गई है।

दरअसल, कंपनी ने इस अपडेट के जरिए उन फीचर्स को भी स्टैंडर्ड बना दिया है, जो पहले केवल महंगे वेरिएंट्स में मिलते थे। साथ ही इस बाइक की सुरक्षा और राइडिंग क्वालिटी को पहले से बेहतर करने पर फोकस किया गया है।

तीन वेरिएंट्स में है चुनने का मौका

कंपनी ने नई अपाचे रेंज को मुख्य रूप से तीन अलग-अलग वेरिएंट्स में पेश किया है। इसमें सबसे बेसिक सिंगल चैनल ABS वेरिएंट की कीमत ₹1,25,440 (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। अगर आप थोड़े बेहतर कंट्रोल की तलाश में हैं, तो इसके डुअल चैनल ABS और USD फोर्क वाले मॉडल की कीमत ₹1,30,690 रखी गई है।

इसके अलावा कंपनी ने टेक-लवर्स के लिए एक टॉप-एंड वेरिएंट भी तैयार किया है। इस वर्जन में USD फोर्क्स के साथ 5-इंच का TFT डिस्प्ले और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। इस टॉप मॉडल की कीमत ₹1,37,440 है। ग्राहक अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कलर ऑप्शन भी चुन सकते हैं।

लाइटिंग और हैंडलिंग में क्या बदला

डिजाइन के मामले में सबसे बड़ा बदलाव इसकी हेडलाइट में नजर आता है। अब पूरी रेंज में क्लास-डी प्रोजेक्टर हेडलैंप के साथ LED DRLs दिए जा रहे हैं। इससे रात के समय सड़क पर रोशनी पहले के मुकाबले ज्यादा साफ मिलने की संभावना है। साथ ही, अब सभी मॉडल्स में LED इंडिकेटर्स भी स्टैंडर्ड कर दिए गए हैं।

लेकिन बदलाव सिर्फ लुक तक सीमित नहीं हैं। नई अपाचे में अब 'असिस्ट और स्लिपर क्लच' को भी शामिल किया गया है। यह फीचर खासतौर पर भारी ट्रैफिक के दौरान गियर बदलने की प्रक्रिया को आसान बना देता है। इसके अलावा, बेहतर कंट्रोल और हैंडलिंग के लिए इसमें नया हाइड्रोफॉर्म्ड हैंडलबर लगाया गया है।

इंजन पावर और स्मार्ट कनेक्टिविटी

इंजन की क्षमता में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसमें वही 160cc का इंजन मिलता है जो 17.3bhp की पावर जेनरेट करता है। राइडिंग को मजेदार बनाने के लिए इसमें तीन मोड यानि स्पोर्ट, अर्बन और रेन दिए गए हैं। राइडर अपनी सुविधा के हिसाब से बटन के जरिए बाइक की परफॉरमेंस को कंट्रोल कर सकता है।

अब बात करते हैं इसके स्मार्ट फीचर्स की। इसके प्रीमियम वेरिएंट में 5-इंच का डिजिटल क्लस्टर मिलता है, जो टीवीएस की 'SmartXonnect' ऐप से जुड़ जाता है। इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और कॉल अलर्ट्स जैसी सुविधाएं मिलती हैं।

Next Story