Skoda Kodiaq Recall: फ्रंट सीट के फ्रेम में आई तकनीकी खराबी, स्कोडा ने वापस मंगाई 221 गाड़ियां
Skoda Kodiaq Recall India: स्कोडा ने भारत में अपनी फ्लैगशिप SUV कोडियाक की 221 यूनिट्स वापस मंगाई हैं। फ्रंट सीट के फ्रेम में खराबी के कारण एयरबैग की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। जानें इस रिकॉल से जुड़ी पूरी जानकारी।

Image Source: skoda-auto.co.in
Skoda Kodiaq Recall India: स्कोडा ऑटो इंडिया ने अपनी SUV कोडियाक (Kodiaq) के लिए रिकॉल जारी किया है। दरअसल, कंपनी को गाड़ी की फ्रंट सीट के ढांचे में एक तकनीकी कमी का पता चला है। यही वजह है कि सावधानी बरतते हुए प्रभावित यूनिट्स को वापस मंगाया गया है।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के मुताबिक, यह समस्या कुछ खास मॉडल्स में ही है। 10 मार्च 2025 से 8 दिसंबर 2025 के बीच बनी कुल 221 कारों को रिकॉल लिस्ट में रखा गया है। अगर आपकी गाड़ी भी इसी दौरान बनी है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है।
एयरबैग की सुरक्षा पर पड़ सकता है असर
जांच में सामने आया है कि अगली सीटों के अंदरूनी फ्रेम के किनारों में कुछ डिफेक्ट हो सकता है। यह खराबी देखने में मामूली लग सकती है, लेकिन एक्सीडेंट की स्थिति में यह काफी रिस्की साबित हो सकती है।
दरअसल, सीट फ्रेम की इस गड़बड़ी का सीधा संबंध साइड एयरबैग्स से है। जानकारों का मानना है कि टक्कर होने पर यह डिफेक्ट एयरबैग को सही तरीके से खुलने से रोक सकता है। अब अगर एयरबैग वक्त पर नहीं खुलता, तो यात्रियों को चोट लगने का खतरा रहता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
बता दें कि भारत में मौजूद स्कोडा कोडियाक में 2.0-लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 201 bhp की पावर और 320 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम दिया गया है।
फिलहाल भारतीय बाजार में इस SUV की एक्स-शोरूम कीमत 39.99 लाख रुपये से 48.69 लाख रुपये के बीच है। प्रीमियम सेगमेंट में इसका मुकाबला फॉक्सवैगन टाइरून जैसी गाड़ियों से होता है।
कैसे चेक करें अपनी स्कोडा कोडियाक कार का स्टेटस
अगर आपकी स्कोडा कोडियाक कार इस रिकॉल के दायरे में है, तो फिलहाल परेशान होने की जरूरत नहीं है। स्कोडा के डीलर जल्द ही ग्राहकों से खुद संपर्क करेंगे। वर्कशॉप पर सीट फ्रेम की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर इसे मुफ्त में ठीक किया जाएगा।
ग्राहक चाहें तो स्कोडा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से इस तरह के अपडेट्स पर तुरंत ध्यान देना और समय रहते कार की जांच कराना ही बेहतर है।
