Royal Enfield पहली इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea C6 भारत में हुई लॉन्च, कीमत ₹2.79 लाख से शुरू

Image Source: flyingflea.royalenfield.com
Royal Enfield Flying Flea C6: रॉयल एनफील्ड ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea C6 को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। यह बाइक अपने खास लुक और हल्के वजन की वजह से काफी समय से चर्चा में थी। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये रखी है।
अगर आप बाइक के साथ बैटरी नहीं खरीदना चाहते, तो रॉयल एनफील्ड कंपनी ने एक अलग विकल्प भी दिया है। 'बैटरी-एज-ए-सर्विस' (BaaS) मॉडल के तहत आप इसे केवल 1.99 लाख रुपये में घर ला सकते हैं। इसमें ग्राहक को बैटरी के लिए अलग से सब्सक्रिप्शन लेना होगा, जिससे बाइक की शुरुआती कीमत कम हो जाती है।
बुकिंग और डिलीवरी की तारीख
इस इलेक्ट्रिक बाइक की बुकिंग 10 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होने जा रही है। कंपनी इसे धीरे-धीरे अलग-अलग शहरों में बेचना शुरू करेगी। जानकारी के अनुसार, इसकी शुरुआत सबसे पहले बेंगलुरु शहर से की जाएगी।
जो लोग इस बाइक को खरीदने का मन बना रहे हैं, उन्हें थोड़ा इंतजार करना होगा। इसकी डिलीवरी मई 2026 के आखिरी हफ्ते से शुरू होने की उम्मीद है। ग्राहक इसे दो रंगों में यानि स्टॉर्म ब्लैक और फ्ली ग्रीन में चुन सकेंगे।
डिजाइन और वजन
इस बाइक का लुक बाजार में मौजूद अन्य इलेक्ट्रिक बाइक्स से काफी अलग है। इसमें गर्डर सस्पेंशन और एक फ्लोटिंग सीट दी गई है। दरअसल, इसका डिजाइन दूसरे विश्व युद्ध के समय वाली पुरानी 'फ्लाइंग फ्ली' से प्रेरित है।
यही वजह है कि यह बाइक दिखने में जितनी पुरानी लगती है, वजन में उतनी ही हल्की है। इसका कुल वजन सिर्फ 124 किलोग्राम है। यह रॉयल एनफील्ड के अब तक के इतिहास की सबसे हल्की बाइक मानी जा रही है।
टॉप स्पीड और रेंज
इस बाइक की क्षमता की बात करें तो इसमें 15.4kW की मोटर लगी है। यह मोटर 20.6bhp की पावर और 60Nm का टॉर्क देती है। रफ्तार के मामले में यह 115 किलोमीटर प्रति घंटा की टॉप स्पीड तक पहुंच सकती है।
अब बात करते हैं रेंज की। इसमें 3.91kWh का बैटरी पैक लगा है। कंपनी का दावा है कि एक बार पूरा चार्ज होने पर यह 154 किलोमीटर तक चलेगी। इसके साथ ही चार्जिंग के लिए इसमें ऑनबोर्ड चार्जर मिलता है। साधारण प्लग से इसे 65 मिनट में 20 से 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है।
आधुनिक फीचर्स और राइड मोड्स
इस बाइक में गोल आकार का टचस्क्रीन इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो नेविगेशन के लिए FF ऐप को सपोर्ट करता है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें कॉर्नरिंग ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे जरूरी फीचर्स भी जोड़े गए हैं।
राइडिंग को बेहतर बनाने के लिए इसमें सिटी, हाईवे, स्पोर्ट और रेन जैसे कुल पांच मोड मिलते हैं। इसमें एक कस्टम मोड भी है, जिससे राइडर अपनी पसंद के हिसाब से बाइक की सेटिंग्स बदल सकता है। यह बाइक शहर में सफर करने वालों के लिए एक नया विकल्प पेश करती है।
Tags
-
Home
-
Menu
