Mahindra Udo Electric Auto लॉन्च: सिर्फ ₹3.59 लाख में मिलेगा एयरप्लेन वाला लुक और 200 km रेंज
Mahindra Udo Electric Three-Wheeler Launched in India News: Mahindra ने नया Udo Electric Auto लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹3.59 लाख है। इसमें एयरप्लेन जैसा डिजाइन, मोनोकोक बॉडी, 200 km रेंज, स्मार्ट फीचर्स और दमदार बैटरी मिलती है।

Image Source: mahindra.com/news-room
Mahindra Udo Electric Three-Wheeler: महिंद्रा ने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नया 'Udo' लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3,58,999 रुपये रखी है। हालांकि, यह एक इंट्रोडक्टरी ऑफर है, क्योंकि इसके स्टैंडर्ड मॉडल का रेट 3,84,299 रुपये तक जाता है। 'Udo' नाम हिंदी के शब्द 'उड़ो' से प्रेरित है। महिंद्रा का कहना है कि उन्होंने इसे सिर्फ एक ऑटो नहीं, बल्कि एक मॉडर्न सवारी के तौर पर तैयार किया है।
डिजाइन और बनावट कैसी है
इस थ्री-व्हीलर ऑटो को प्रताप बोस की देखरेख में महिंद्रा इंडिया डिजाइन स्टूडियो ने तैयार किया है। इसमें पहली बार 'फुल मोनोकॉक कंस्ट्रक्शन' का इस्तेमाल हुआ है, जो आमतौर पर कारों में दिखता है। इससे ऑटो की बॉडी काफी मजबूत हो जाती है और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर यह आवाज नहीं करता। इसका लुक काफी हद तक एक छोटे प्लेन जैसा लगता है। इसमें बड़े हेडलैंप्स, चौड़ा शीशा और काफी स्टाइलिश साइड मिरर्स दिए गए हैं जो इसे सड़क पर सबसे अलग लुक देते हैं।
पायलट सीट, लेगरूम और हेडरूम
महिंद्रा ने इसमें ड्राइवर की कंफर्ट का खास ख्याल रखा है। इसमें एक 'पायलट सीट' दी गई है, जो मार्केट में मौजूद बाकी ऑटो के मुकाबले 20% ज्यादा कुशनिंग के साथ आती है। इससे पूरे दिन ऑटो चलाने वाले को पीठ में दर्द की शिकायत कम होगी। पीछे बैठने वाली सवारियों के लिए भी काफी जगह (लेगरूम और हेडरूम) दी गई है। झटकों से बचने के लिए इसमें इंडिपेंडेंट रियर सस्पेंशन और फ्रंट में ड्यूल-फोर्क सेटअप मिलता है।
बैटरी, पावर और रेंज
परफॉर्मेंस की बात करें तो Udo में 11.7 kWh की लिथियम-आयन बैटरी लगी है, जिसे IP67 रेटिंग मिली है। यानी बारिश और धूल में यह पूरी तरह सुरक्षित है। इसका मोटर 10 kW की पावर और 52 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर यह सड़कों पर आराम से 200 किलोमीटर तक चलेगा, जबकि ARAI के मुताबिक इसकी रेंज 265 किलोमीटर है। इसमें Range, Ride और Race जैसे तीन ड्राइविंग मोड्स मिलते हैं। रेस मोड में इसकी टॉप स्पीड 55 किमी प्रति घंटा है।
खास स्मार्ट फीचर्स
इस ऑटो में कुछ ऐसे फीचर्स हैं जो इस सेगमेंट में पहली बार आए हैं। जैसे 'रिवर्स थ्रॉटल' जिससे पीछे की तरफ स्पीड कंट्रोल करना आसान हो जाता है। इसके अलावा 'हिल होल्ड असिस्ट' दिया गया है, जो पुल या चढ़ाई पर ऑटो को पीछे लुढ़कने से रोकता है। ट्रैफिक में चलने के लिए इसमें 'क्रीप फंक्शन' भी है। साथ ही 'रीजेनरेटिव ब्रेकिंग' सिस्टम ब्रेक लगाने पर पैदा होने वाली एनर्जी को वापस बैटरी में भेजकर रेंज बढ़ाने में मदद करता है।
Mahindra Udo का किनसे होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में Mahindra Udo इलेक्ट्रिक ऑटो की सीधी टक्कर Piaggio Ape E-City, Bajaj RE Electric और TVS King Electric से होने वाली है। हालांकि, महिंद्रा ने जिस तरह की मोनोकोक बॉडी और नए जमाने के फीचर्स दिए हैं, उससे यह अपने कॉम्पिटिटर्स पर भारी पड़ता दिख रहा है। अब देखना यह होगा कि कमाई के मामले में यह ऑटो ड्राइवरों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।
