हुंडई ने पेश किया Grand i10 Nios का स्पेशल 'वाइब एडिशन', अब डैशकैम से लैस होगी यह कार

2026 Hyundai Grand i10 Nios Vibe Edition
X

Image Source: hyundai.com/in

2026 Hyundai Grand i10 Nios Vibe Edition: हुंडई इंडिया ने अपनी लोकप्रिय हैचबैक Grand i10 Nios का नया 'Vibe Edition' लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 7.09 लाख रुपये है। इस स्पेशल एडिशन में सेगमेंट का पहला इन-बिल्ट डैशकैम और स्पोर्टी ब्लैक-रेड इंटीरियर दिया है। यह कार पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और AMT विकल्पों में उपलब्ध है।

Hyundai Grand i10 Nios Vibe Edition: हुंडई इंडिया ने अपनी मशहूर हैचबैक Grand i10 Nios का नया 'Vibe Edition' मार्केट में लॉन्च किया है। इस नई कार की शुरुआती कीमत 7.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है। दरअसल, कंपनी ने इसे Sportz और Sportz (O) वेरिएंट्स के आधार पर तैयार किया है।

इस स्पेशल एडिशन को लाने का मकसद ग्राहकों को कम बजट में ज्यादा फीचर्स देना है। इसमें लुक्स से लेकर सेफ्टी तक कई छोटे-बड़े बदलाव किए गए हैं।

इन दो वेरिएंट्स में मिलेगा वाइब एडिशन

कंपनी ने इसे दो ट्रिम्स यानि Sportz Vibe और Sportz (O) Vibe में पेश किया है। इसमें सबसे पहले आपका ध्यान 15-इंच के नए ब्लैक अलॉय व्हील्स पर जाएगा। यही वजह है कि यह स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले थोड़ी अलग नजर आती है।

लुक्स को बेहतर बनाने के लिए बॉडी पर कुछ कॉस्मेटिक अपडेट्स दिए गए हैं। साथ ही, हुंडई ने पूरी लाइनअप के लिए 'टाइटन ग्रे मैट' नाम का एक नया कलर ऑप्शन भी शामिल किया है। यह शेड कार को थोड़ा प्रीमियम लुक देता है।

इंटीरियर और डैशकैम जैसे नए फीचर्स

केबिन के अंदर ब्लैक थीम का इस्तेमाल हुआ है, जिसमें रेड इंसर्ट्स दी गई हैं। इस कार में लेदर चढ़ा हुआ स्टीयरिंग व्हील, प्रोजेक्टर हेडलैंप्स और टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। यह सिस्टम एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है।

लेकिन सबसे बड़ा अपडेट इसमें दिया गया डैशकैम है। हुंडई का दावा है कि इस सेगमेंट की किसी कार में पहली बार यह फीचर दिया जा रहा है। इसमें ड्राइविंग, वेकेशन और इवेंट जैसे अलग-अलग मोड पर वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो खींचने की सुविधा है।

इंजन और जरूरी सेफ्टी फीचर्स

परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें पुराना 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन ही मिलता है। ग्राहक इसे 5-स्पीड मैनुअल या AMT गियरबॉक्स के साथ चुन सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि CNG का ऑप्शन केवल स्टैंडर्ड ट्रिम्स में ही रहेगा, वाइब एडिशन में नहीं।

सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग्स और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा पीछे बैठने वालों के लिए रियर AC वेंट्स और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल की सुविधा भी मिलती है। हाई-एंड वेरिएंट में स्मार्ट की, पुश-बटन स्टार्ट और क्रूज कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं, जो लंबी यात्रा के दौरान ड्राइविंग को काफी आसान बना देती हैं।

कीमत और वेरिएंट

कीमतों की बात करें तो Sportz Vibe MT की कीमत 7.09 लाख रुपये है। वहीं इसके AMT वर्जन के लिए 7.61 लाख रुपये चुकाने होंगे। अगर आप Sportz (O) Vibe AMT लेना चाहते हैं, तो इसकी कीमत 7.73 लाख रुपये रखी गई है।

कंपनी ने इसके साथ ही टॉप मॉडल Asta की कीमतों में भी बदलाव किया है। अब Asta मैनुअल 7.50 लाख और AMT वर्जन 8.02 लाख रुपये में मिलेगा। ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम दिल्ली के हिसाब से लागू हैं। अब देखना होगा कि नए फीचर्स के साथ यह कार ग्राहकों को कितनी पसंद आती है।

Tags

Next Story