
मुंबई 7 अगस्त 2021. अश्लील फिल्मों के बनाने और उनके प्रसार के मामले में फंसे बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं. आज राज कुंद्रा और उनके रायन थोर्पे की जमानत याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. राज कुंद्रा ने अपनी गिरफ्तारी को गलत बताते हुए कहा था कि उन्हें गैरकानूनी तरह से गिरफ्तार किया गया है. राज कुंद्रा की तरफ से कहा गया था कि CRPC की धारा 41 A का पालन नहीं किया गया है. राज कुंद्रा और रायन ने अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई थी.
पोर्न वीडियो केस में राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद उन पर कई आरोप लग चुके हैं. अब इस केस की एक विक्टिम का आरोप है कि उससे वीडियो शूट के दौरान कहा गया था कि उसके प्राइवेट पार्ट्स वीडियों में नहीं दिखाए जाएंगे हालांकि बाद में बिना एडिट किए वीडियो टेलिकास्ट किया गया था. इस बीच शिल्पा शेट्टी ने भी इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा है कि इस मामले पर वह अब तक चुप रहीं और आगे भी रहेंगी. शिल्पा शेट्टी ने पोस्ट में लिखा है कि उन्हें ट्रोल किया जा रहा है. उन्होंने मीडिया से रिक्वेस्ट भी की है कि बच्चों के लिए ही सही लेकिन निजता का ध्यान रखें. साथ ही ये भी कहा कि मुंबई पुलिस और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है. राज कुंद्रा की गिरफ्तारी बीती 19 जुलाई को हुई थी. इसके बाद उन पर क्राइम ब्रांच को 25 लाख रुपये घूस देने का आरोप भी लग चुका है.
