राम के नाम पर सियासी संग्राम: सीएम भूपेश बोले- भाजपा वोट के लिए लेती है राम का नाम, भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के इतिहास पर उठाया सवाल, जानें क्या कहा…
रायपुर, 05 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ में राम के नाम पर फिर सियासी संग्राम छिड़ने के आसार दिख रहे हैं। उत्तरप्रदेश के दौरे से लौटे सीएम भूपेश बघेल ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि सबके अपने-अपने राम हैं। कांग्रेस के लिए महात्मा गांधी और कबीर के राम हैं तो भाजपा के लिए वोट मांगने वाले राम हैं। राम पर बात हो और भाजपा चुप रहे ऐसा कैसे हो सकता है और हुआ भी नहीं। दरअसल, सीएम भूपेश ने राम वन गमन परिपथ की शुरुआत कर छत्तीसगढ़ में राम पर अपनी मुहर लगा दी। तब से वे लगातार भाजपा को घेरने में लगे हैं। माता कौशल्या के लिए कुछ नहीं करने की बात आती है तो भाजपा तिलमिला जाती है। आज फिर सीएम ने हमला बोला। इस पर पलटवार करते हुए भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि सीएम केवल भगवान राम के नाम पर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस की आस्था कभी भी भगवान राम पर नहीं रही है। कांग्रेस का इतिहास हमेशा भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़ा करना रहा है। आज कांग्रेस किस मुंह से भगवान राम की बात करती है?
साय ने कहा कि प्रदेश में हिन्दू और सनातनी धर्म अनुयायी पूरी तरह से परेशान और पीड़ित हैं, तब इस समय राम का नाम लेकर केवल अपनी डूबती नैय्या को भव सागर पार कराने जैसी बात सीएम कर रहे हैं। राम वनगमन के नाम पर जो पर्यटन पथ के विकास की बात कही जा रही है, इसमें जो राशि खर्च की जा रही है, वह केंद्र सरकार ने दी है। प्रदेश की सरकार वाहवाही लूटने के लिए कथित तौर पर राम भक्त होने का दावा करने में जुटी हुई है।
साय ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपनी वोट की राजनीति के लिए भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाकर इस बात का परिचय दिया है कि भगवान राम के प्रति उनकी कितनी आस्था है और इस समय केवल भगवान राम वन गमन पथ के नाम पर पूरी प्रदेश सरकार जिस तरह का उत्सव मना रही है, जिससे लगता है कि यह उत्सव केवल इवेंट कंपनियों की योजना है। इसमें जनमानस का कहीं भी जुड़ाव नहीं है। भगवान राम के प्रति कांग्रेस की कथित आस्था भी दिखती है।