CG ACB News: रिश्वतखोर एसआई, एएसआई गिरफ्तार, केस रफा-दफा करने मांगे थे 50 हजार, एसीबी की टीम ने 25 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा
CG ACB News:छत्तीसगढ़ में दो रिश्वतखोर पुलिस अधिकारियों को पुलिस ने पकड़ा है। एसआई और एएसआई ने केस रफा-दफा करने के एवज में मांगे थे 50 हजार, 25 हजार की पहली किस्त लेते एसीबी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा।
CG ACB News: कोरिया। छत्तीसगढ़ में रिश्वतखोर दो पुलिस अधिकारियों को ACB ने पकड़ा है। दोनों ने केस रफा-दफा करने के एवज में 50 हजार की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी की टीम ने 25 हजार लेते एसआई को रंगे हाथ पकड़ा है। पूरा मामला कोरिया जिले का है। रिश्वतखोर एसआई का नाम अब्दुल मुनाफ और एएसआई का नाम गुरू प्रसाद यादव है। शिकायतकर्ता का नाम सत्येन्द्र कुमार प्रजापति है।
उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
दरअसल, प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति के घर निर्माण के लिये ईंट बनाने का कार्य मजदूर मोहित घसिया के द्वारा किया जा रहा था। उस कार्य में खोदे गये गढ्ढे में पानी भर गया जिससे मजूदर मोहित घसिया के बेटे की मृत्यु डूबने से हो गयी। मृतक बच्चे की मृत्यु की जांच पुलिस चौकी बचरापोड़ी के एएसआई गुरू प्रसाद यादव के द्वारा की जा रही थी।
25 हजार के साथ ACB ने पकड़ा
प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति को आपराधिक प्रकरण से बचाने और केस रफा-दफा करने के लिये 21 फरवरी को 50,000 रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन में एएसआई गुरू प्रसाद यादव द्वारा 22 फरवरी को 25,000 रूपये रिश्वत लेने पर सहमति दी गई।
गुरू प्रसाद यादव के चौकी से स्थानांतरण होने के पश्चात् चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ के द्वारा 23 फरवरी को प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति को रिश्वत की रकम लेकर 24 फरवरी को चौकी बुलाया गया था।
अम्बिकापुर ACB की कार्रवाई
उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति से 25,000 रूपये रिश्वत लेते हुए एसीबी अम्बिकापुर के द्वारा रंगे हाथ पकड़ा गया। रिश्वत मांगने के आरोप में सहायक उप निरीक्षक गुरू प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 7, 12 पीसीएक्ट 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।