CM भूपेश 15 फरवरी को हावर्ड में देंगे स्पीच…..छत्तीसगढ़ के एग्रीकल्चर थीम को बतायेंगे… 11 को 10 दिवसीय दौरे पर अमेरिका रवाना हो रहे हैं मुख्यमंत्री
रायपुर 4 फरवरी 2020। छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए 15 फरवरी की तारीख ऐतिहासिक रहेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुनिया के चर्चित हावर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देंगे। ये पहला मौका होगा जब छत्तीसगढ़ का कोई भी हस्ती दुनिया के इस शीर्ष यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करेगा। 11 फरवरी को अपने 10 दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सेंट फ्रांसिस्को और न्यूयार्क में भी विजिट करेंगे, लेकिन सबसे अहम पड़ाव उनका 15 फरवरी को हावर्ड का रहेगा।
हावर्ड में होने वाले इंडियन कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शिरकत कर एग्रीकल्चर विषय पर अपनी बात रखेंगे। इस दौरान वो पारंपरिक खेती के साथ-साथ देश के सबसे अनूठे प्रयोग नरवा, गरुवा, घुरवा, बारी के कांसेप्ट पर दुनिया का ध्यान आकृष्ट करेंगे।
निवेशकों को आमंत्रित करने के लिहाज से सबसे अहम इस विदेश दौरे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ अधिकारियों का एक डेलीगेशन भी जायेगा। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल के साथ अपर प्रमुख सचिव गृह सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पिछले साल दिसंबर माह में अमेरिकी काउंसिल जनरल डेविड रेंज छत्तीसगढ़ दौरे पर आए थे।
इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा, बारी सहित कई अन्य योजनाओं का अवलोकन किया था और छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर तारीफ भी की थी। प्रवास के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की आर्थिक योजनाओं को करीब से देखा था।