ब्रेकिंग : रायपुर में महापौर की रेस हुई दिलचस्प …. 6 निर्दलीय का समर्थन जुटाकर एजाज ढेबर ने दावा किया और मजबूत…..सीएम हाउस में हो रहा नामों पर मंथन… सभी निर्दलीय भी हाउस में ही मौजूद

Update: 2020-01-04 07:43 GMT

रायपुर 4 जनवरी 2020। रायपुर का नया महापौर कौन ?….इस सवाल का आज जवाब मिल जायेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस पार्षद दल की बैठक हो रही है। बैठक का सबसे हैरान करने वाला पहलू ये है कि एजाज ढेबर अचानक से महापौर के सबसे मजबूत दावेदार बन गये हैं। एजाज ढेबर ने अपने समर्थन में 6 निर्दलीय प्रत्याशी को साथ मिलाकर पूरे समीकरण दिलचस्प बना दिया है।

हालांकि शुरुआती दौर से ही एजाज ढेबर मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उनका मुकाबला मौजूदा महापौर प्रमोद दुबे, ज्ञानेश शर्मा, अजीत कुकरेजा, सतनाम पनाग, शिवकुमार मेनन सरीखे तेज तर्रार पार्षदों से था, लेकिन जिस तरह से निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन एजाज ने हासिल किया, उसके बाद अब अचानक से पूरी बाजी पलटती नजर आ रही है।

इससे पहले सभी 6 निर्दलीय प्रत्याशी एक साथ एजाज ढेबर के होटल में पहुंचे थे, जहां से वो एक साथ सीएम हाउस पहुंचे हैं, जहां कुछ देर में मुख्यमंत्री से सभी छह पार्षदों की मुलाकात होगी। माना जा रहा है कि उनमें से कुछ कांग्रेस में शामिल भी हो सकते हैं।

आपको बता दें कि संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस निगम में सबसे बड़ी पार्टी थी, लेकिन वो बहुमत से दो पार्षद दूर थी, लेकिन अब 6 निर्दलीय पार्षदों का एजाज ने समर्थन जुटाया, उसके बाद से ना सिर्फ कांग्रेस का महापौर बनना तय हो गया, बल्कि एजाज ने खुद की दावेदारी को भी मजबूत बना लिया।

Similar News