Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब, महाराष्ट्र के बाद अब इस राज्य ने भी बढ़ाया 31 मई तक लॉकडाउन…

पंजाब, महाराष्ट्र के बाद अब इस राज्य ने भी बढ़ाया 31 मई तक लॉकडाउन…
X
By NPG News

नईदिल्ली 17 मई 2020। लॉकडाउन 3.0 के आखिरी दिन महाराष्ट्र और पंजाब के बाद तमिलनाडु में भी लॉकडाउन की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गई है। तमिलनाडु की पलानिसामी सरकार ने इस क्रम में अधिसूचना जारी करते हुए लॉकडाउन 4.0 के नियमों की पूरी जानकारी दी है। इससे पहले महाराष्ट्र, पंजाब की सरकारों ने भी 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा तेलंगाना की सरकार ने 29 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया है।

इससे पहले, पंजाब और उसके बाद महाराष्ट्र ने लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया। राज्य के मुख्य सचिव अजय मेहता ने लॉकडाउन बढ़ाने का आदेश जारी किया। इस तरह से पंजाब, महाराष्ट्र और तमिलनाडु ने औपचारिक तौर पर लॉकडाउन-4 की घोषणा कर दी। महाराष्ट्र और तमिलनाडु ये दोनों ऐसे राज्य हैं जहां पर कोरोना संक्रमण के मामले अन्य राज्यों को मुकाबले काफी ज्यादा आ रहे हैं। दरअसल, केंद्र सरकार पहले ही यह कह चुकी है कि देश में लॉकडाउन का चौथा चरण भी लागू होगा, जिसकी औपचारिक घोषणा आज किसी भी वक्त हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि आज यानी 17 मई को लॉकडाउन 3.0 की मियाद पूरी हो रही है।

आदेश में कहा गया है, ‘लॉकडाउन के आदेशों में चरणबद्ध तरीके से रियायतों को अधिसूचित किया जाएगा।’ एक अधिकारी ने कहा, ‘लॉकडाउन 3.0 आज खत्म हो गया। लॉकडाउन 4.0 कल से प्रभाव में आएगा और 31 मई तक लागू रहेगा। चौथे चरण में कुछ रियायतें दी जाएंगी।’ उन्होंने बताया कि और अधिक सेवाओं को शुरू करने के लिहाज से ग्रीन तथा ओरेंज जोन को अधिक रियायतें मिलेंगी। अभी के लिए केवल अनिवार्य सेवाएं चालू हैं।

महाराष्ट्र के ऐलान के एक दिन पहले यानी शनिवार को ही पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में लागू कोविड-19 लॉकडाउन 31 मई तक जारी रहेगा, लेकिन सरकार कर्फ्यू वाली पाबंदियां हटा लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ’18 मई से राज्य मे कर्फ्यू नहीं होगा। लेकिन लॉकडाउन 31 मई तक जारी रहेगा।

उन्होंने संकेत दिया कि 18 मई से कुछ हद तक सार्वजनिक परिवहन भी चलने लगेगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 18 मई से और ढील की घोषणा करेगी, लेकिन साथ ही उन्होंने राज्य में कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए लोगों की मदद मांगी। अमरिंदर सिंह ने कहा, ”मैं 18 मई से ज्यादातर दुकानों और छोटे उद्योगों को खोलने की अनुमति दूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा, ”निजी स्कूलों की फीस में इस साल कोई वृद्धि नहीं होगी।

Next Story