Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब में अमरिंदर के बाद क्या राजस्थान में CM की होगी छुट्टी? सप्ताह में दूसरी बार राहुल-प्रियंका से मिलने पहुंचे सचिन पायलट…अटकलों का बाजार गरम

पंजाब में अमरिंदर के बाद क्या राजस्थान में CM की होगी छुट्टी? सप्ताह में दूसरी बार राहुल-प्रियंका से मिलने पहुंचे सचिन पायलट…अटकलों का बाजार गरम
X
By NPG News

नईदिल्ली 24 सितम्बर 2021. क्या पंजाब के बाद अब राजस्थान कांग्रेस में भी सुगबुगाहट के संकेत मिलने लगे हैं? इन अटकलों को उस समय हवा मिली जब राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट राहुल गांधी से मुलाकात करने दिल्ली स्थित उनके आवास पहुंचे। इस दौरान पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी यहां मौजूद रहीं। यह किसी से छिपा नहीं है कि पंजाब की तरह राजस्थान कांग्रेस में भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। 2018 विधानसभा चुनाव के बाद से सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच तल्खी बढ़ती चली गई है। कई बार इसे सार्वजनिक तौर पर भी देखा गया है।

इससे पहले पायलट ने 17 सितंबर को राहुल से उनकी मुलाकात हुई थी। ऐसे में पायलट के दिल्ली पहुंचने के बाद अटकलों का बाजार गर्म है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पायलट खेमे को समायोजित करने के आलाकमान के फैसले से बचते रहे हैं। बताया जा रहा है कि इससे कांग्रेस नेतृत्व नाराज है। पायलट चाहते हैं कि उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जाए। इसके चलते इन्होंने एक साल पहले बगावत भी की थी और उनके खेमे के विधायकों ने हरियाणा में डेरा डाला था। तब उन्हें उप-मुख्यमंत्री पद और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।

तीनों नेताओं के बीच यह एक सप्ताह के बीच दूसरी मुलाकात है।

पायलट की दिल्ली दरबार में एक सप्ताह के भीतर दो बार हाजिरी से उन अटकलों को भी बल मिला है, जिनमें कहा जा रहा है कि गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है।

सचिन पायलट पिछले साल से ही अशोक गहलोत से नाराज हैं और बगावत का बिगुल फूंक चुके हैं। उनका बीजेपी में जाना लगभग तय माना जा रहा था। हालांकि, आखिरी समय में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उन्हें मना लिया था। हालांकि, सचिन पायलट गुट से उस समय जो वादे किए गए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया है।

Next Story