Begin typing your search above and press return to search.

लड़की से अफेयर मामले में यूनिवर्सिटी के छात्र की पीट-पीटकर हत्या….लड़की के भाई और दोस्त पर पुलिस ने केस किया दर्ज….दूसरे धर्म की लड़की से प्यार बनी हत्या की वजह

लड़की से अफेयर मामले में यूनिवर्सिटी के छात्र की पीट-पीटकर हत्या….लड़की के भाई और दोस्त पर पुलिस ने केस किया दर्ज….दूसरे धर्म की लड़की से प्यार बनी हत्या की वजह
X
By NPG News

नई दिल्ली 10 अक्टूबर 2020। दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, तीन नाबालिगों को भी पकड़ा है। बताया जाता है कि राहुल नाम का लड़का दूसरे धर्म की लड़की से प्यार करता था। यह बात लड़की के परिवार के लोगों को नागवार गुजरी और लड़की के पक्ष के लोगों ने राहुल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक राहुल की दोस्ती मोहल्ले की ही रहने वाली एक लड़की से थी लेकिन लड़की के घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। पुलिस के मुताबिक बुधवार की शाम आऱोपियों ने लड़के को लालच देकर नंदा रोड बुलाया था। जगह पर पहुंचने के बाद उन्हें शारीरीक रूप से प्रताड़ित किया गया। बताया जा रहा है कि करीब 4-5 लोगों ने छात्र को प्रताड़ित किया।

इस हमले में छात्र को गंभीर चोटें आई थीं। जिसके बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में धारा 302 और धारा 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। मृतक लड़के के चाचा ने कहा कि उनके भतीजे और महिला के बीच पिछले 2 सालों से दोस्ती थी। लेकिन लड़की का भाई इस बात को पसंद नहीं करता था।

राहुल के परिवार वालों ने बताया कि वह अंग्रेजी का ट्यूशन भी पढ़ाता था। परिवारवालो का कहना है कि लड़की के परिवारवालों की तरफ से फोन आया था और उसी फोन पर उसे बाहर बुलाया गया था। राहुल घर से बाहर गया जहां 8 से 10 लड़के उसका इंतजार कर रहे थे। राहुल को लड़के पकड़कर अपने साथ ले गए और उसकी पिटाई करने लगे। राहुल को बुरी तरह से पीटा गया। जैसे ही परिवारवालों को राहुल के साथ मारपीट की खबर मिली, वे दौड़कर घटनास्थल पर गए जहां राहुल बेसुध पड़ा था। राहुल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।

Next Story