यातायात नियम तोड़ने वाले 73 सरकारी कर्मचारियों पर गिरी गाज, पुलिस ने ठोका 35 हजार का चालान, चालान पटाने वालों में 8 पुलिसकर्मी भी

धमतरी 24 अगस्त 2021. आम तौर पर यातायात की चालानी में पुलिस या प्रशासन के कर्मचारी बच निकलते हैं, लेेेकिन धमतरी यातायात पुलिस ने सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ ही विशेष अभियान छेड़ रखा है. इस अभियान के तहत यातायात पुलिस ने 73 सरकारी कर्मचारियों से चालान वसूला है. ये सभी कर्मचारी यातायात नियमों का उलंघन करते हुए पाए गए. चालान पटाने वालों में पुलिस के जवान भी शामिल है.
दरअसल यातायात पुलिस आज सुबह से ही कलेक्टोरेट रोड में बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट लगाए कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई. इस दौरान कुल 73 सरकारी कर्मचारियों से 35 हज़ार 500 रुपये का चलान भी वसूला गया. इनमे 8 पुलिस कर्मचारी भी थे. सभी से चलान वसूल कर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई. साथ ही चलानी कार्रवाई के बाद उन्हें जाने दिया गया. आपको बता दे कि कुछ दिन पहले कलेक्टर ने सरकारी कर्मचारियों को हेलमेट लगाने के लिए अलग से निर्देश जारी किए थे।
