Begin typing your search above and press return to search.

पिछले पांच साल में PM नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा पर खर्च हुए 446.52 करोड़, सरकार ने लोकसभा में दी जानकारी

पिछले पांच साल में PM नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा पर खर्च हुए 446.52 करोड़, सरकार ने लोकसभा में दी जानकारी
X
By NPG News

नई दिल्ली 4 मार्च 2020। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पिछले पांच वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्रा पर 446.52 करोड़ रुपए खर्च हुए है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि इन खर्चो में चार्टर्ड फ्लाइट का खर्च शामिल है।

निचले सदन में मंत्री की ओर से पेश ब्यौरे के अनुसार, वर्ष 2015-16 में प्रधानमंत्री की यात्रा पर 121.85 करोड़ रुपए और 2016-17 में 78.52 करोड़ रुपये खर्च हुए। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2017-18 में इस बाबत 99.90 करोड रुपए और 2018-19 में 100.02 करोड़ रुपए खर्च हुए। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा पर 46.23 करोड़ रुपये खर्च हुए।

बता दें कि पीएम मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान ही 22 सितंबर 2019 को अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में Howdy Modi कार्यक्रम आयोजित हुआ था। हाउडी मोदी रैली में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्‍ट्रपति ट्रंप ने 50,000 भारतीय-अमेरिकियों की उत्साहित भीड़ को संयुक्त रूप से संबोधित किया था। हाउडी मोदी कार्यक्रम अमेरिका और भारत के रिश्तों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण था। इस कार्यक्रम का मकसद व्यापार को लेकर पैदा हुए भारत और अमेरिका के बीच तनाव को कम करना भी था। मालूम हो कि ‘हाउडी’ शब्द का मतलब होता है ‘हाउ डू यू डू?’। यह आप कैसे हैं? के लिए एक शॉर्टहैंड है। इसका इस्तेमाल आमतौर पर दक्षिण-पश्चिमी संयुक्त राज्य अमेरिका में किया जाता है।

हाउडी मोदी कार्यक्रम को दुनिया भर के अखबारों ने सराहा था। बीबीसी ने इसे एतिहासिक बताते हुए लिखा था अमेरिका में किसी विदेशी नेता का अब तक का सबसे बड़ा स्वागत कार्यक्रम था। वहीं द न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा था… भारतीय प्रधानमंत्री के साथ ट्रंप ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच के साझा मूल्यों और आपसी संबंधों को प्रमाणित किया। वाल स्ट्रीट जर्नल ने भी एनआरजी स्टेडियम में मोदी और ट्रंप की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम को भव्य बताया था। वाशिंगटन पोस्ट ने लिखा था टेक्सास के खचाखच भरे स्टेडियम में एक-दूसरे का हाथ पकड़े कदम रख रहे ट्रंप और मोदी दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच एकता का संदेश दे रहे थे।

विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक 2019-20 के कुछ यात्राओं के बिल नहीं मिले हैं। बता दें कि, इन खर्चो में चार्टर्ड फ्लाइट का खर्च शामिल है। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से ही कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल सदन में दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर तत्काल चर्चा शुरू कराने की मांग को लेकर हंगामा कर रहे है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को सदन में कहा कि सरकार सामान्य स्थिति बहाल होने पर होली के बाद दिल्ली की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर चर्चा कराने को तैयार है और अभी (विपक्ष को) सदन की कार्यवाही चलने देनी चाहिए।

Next Story