4.5 लाख क्विंटल धान गायब: किसान मोर्चा ने जारी की धान भंडारण पर रिपोर्ट…साढ़े चार लाख क्विंटल सड़ गया धान

रायपुर,28 जून 2021। प्रदेश में विधानसभा के ठीक पहले धान पर घमासान तेज होने के आसार बढ़ गए हैं। भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ ने आज एकात्म परिसर में धान भंडारण केंद्रों की जाँच रिपोर्ट सार्वजनिक की है। रिपोर्ट में कुल जमा नौ लाख क्विंटल धान का नुक़सान ज़िलेवार ब्यौरे के साथ दिया गया है।
किसान मोर्चा ने प्रदेश के सभी ज़िलों में मौजुद धान संग्रहण केंद्रों में रखे धान की जाँच करने जाँच दल गठित किया था। इस जाँच दल ने विगत 19,20 और 21 जून को समितियों में पहुँच कर धान के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर इसे प्रभारी गौरीशंकर श्रीवास को सौंपा था।
किसान मोर्चा ने प्रदेश सरकार पर यह आरोप भी लगाया है कि बग़ैर सर्वे के कोरोना काल में किसानों का 56 लाख 62 हजार 236 हैक्टेयर रक़बा कम किया गया।
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल ने मीडिया से कहा
“यह जाँच रिपोर्ट पूरी तरह सही है और आँकड़ों में कोई गलती नहीं है, यदि सरकार को लगता है ग़लत है तो जाँच करा लें.. और यदि हम दोषी हैं हमारी रिपोर्ट ग़लत है तो हम पर FIR कर ले”
