
नईदिल्ली 4 जुलाई 2021. उत्तराखंड के सियासी घटनाक्रम के बीच बीजेपी की तरफ से विधायक पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दी गई है। हालांकि इसके साथ ही बीजेपी में से ही बगावत की खबरें भी सामने आ रही हैं। हरक सिंह रावत और सतपाल महाराज जैसे दिग्गज नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। ऐसे में उत्तराखंड बीजेपी ने बगावत की खबरों को अफवाह करार देते हुए कहा है कि सभी नेता पार्टी के फैसले से खुश हैं।
खबर है कि गृह मंत्री अमित शाह ने सतपाल महाराज और हरक सिंह रावत से बात की है. गृह मंत्री ने दोनों नेताओं से अपील की है कि वे नये मुख्यमंत्री के साथ सहयोग करें. भाजपा से जुड़े कुछ और वरिष्ठ नेता भी इस निर्णय से सहज नहीं हैं. कई वरिष्ठ मंत्री धामी के अधीन मंत्री बनने से खुश नहीं हैं. सतपाल महाराज की गृह मंत्री से बातचीत हो चुकी है. इसके बाद भी वे दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. हालांकि अब शाम को शपथ में कितने पुराने मंत्री शपथ लेंगे इसपर सभी की नजर हैं. इसी वक्त सारी नाराजगी का पता चल जाएगा.
इधर तीरथ सिंह रावत सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे बंशीधर भगत ने कहा है कि सारी खबरें केवल अफवाह हैं, पार्टी के सभी नेता एकजुट हैं….भाजपा एमएलए धन सिंह रावत ने भी कहा है कि उत्तराखंड में सभी इस फैसले से खुश हैं….उत्तराखंड बीजेपी के कद्दावर नेता और एमएलए धन सिंह रावत ने कहा, ‘उत्तराखंड में सभी इस फैसले से खुश हैं। आज केवल सीएम पुष्कर सिंह रावत शपथ लेंगे।’ उन्होंने कहा कि कहीं कोई नाराजगी नहीं है, मुझे नहीं लगता उत्तराखंड में कोई नाराज होगा। सभी पार्टी के निर्णय से खुश हैं।
तीरथ सिंह रावत सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे बंशीधर भगत से जब धामी के नाम पर राज्य बीजेपी में नाराजगी और 35 बागी विधायकों पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मैंने कहीं पढ़ा है कि 35 एमएलए दिल्ली पहुंचे हैं। ये 35 लोग कौन हैं उनके नाम बताइए? ये सारी खबरें महज अफवाह हैं। पार्टी के सभी नेता एकजुट हैं।
धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री : तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में रविवार की शाम छह बजे शपथ लेंगे. वह चार महीने में सूबे के तीसरे सीएम होंगे. छात्र राजनीति से जुड़े रहे 45 वर्षीय धामी महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के करीबी हैं. माना जाता है कि कोश्यारी उन्हें उंगली पकड़ कर राजनीति में लाये थे. संघ के प्रशिक्षित स्वयंसेवक रहे धामी पूर्व सीएम कोश्यारी के कार्यकाल में ओएसडी रह चुके हैं.
धामी ने जताया आभार : शनिवार को धामी के नाम का एलान होते ही उनके समर्थकों ने जम कर उनके नाम के नारे लगाये. इस बीच, धामी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने उन पर भरोसा किया. उन्होंने कहा कि वह पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र कनालीछीना में एक पूर्व सैनिक के घर में पैदा हुए, लेकिन खटीमा उनकी कर्मभूमि है. 2022 में होनेवाले विधानसभा चुनावों पर उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से वह न केवल हर चुनौती को पार करेंगे, बल्कि अपने पूर्ववर्तियों के कार्यों को आगे बढ़ायेंगे.
