स्कूल में थे 14 व्याख्याता नियुक्त, 4 महीने में पूरा स्कूल हो गया खाली…. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने खोला मोर्चा…कलेक्टर से हुई शिकायत

महासमुंद 11 अगस्त 2021। जिस स्कूल में 4 महीने पहले तक 14 व्याख्याता शिक्षक थे, आज वहां एक भी व्याख्याता शिक्षक नहीं बचे हैं। अब शिक्षा विभाग से नाराज ग्रामीण और जनप्रतिनिधि ने कलेक्टर से मिलकर पूरे मामले में शिकायत की है। दरअसल बागबहरा विकासखंड के ग्राम बोकरामुड़ा कला का शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इन दिनों शिक्षक-शिक्षिकाओं की कमी से जूझ रहा है। इस स्कूल में चार महीने पहले 14 व्याख्याता थे, लेकिन अब वहां एक भी व्याख्याता नहीं है।
कई शिक्षकों ने ट्रांसफर करा लिया है, तो कई शिक्षकों की इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रतिनियुक्ति हो गयी है। अब पूरा स्कूल खाली हो गया है। व्याख्याताओं की कमी की वजह से स्कूल में 10वीं और 12वीं के छात्र पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। मजबूरी में प्राचार्य ही अकेले बच्चों को पढ़ा रहे हैं।
इस मामले में नराज पालक और ग्राम पंचायत के सरपंच के साथ अपनी इसी समस्या को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की और जल्द ही व्याख्याताओं की मांग की। इस मामले में सरपंच ने कहा कि स्कूल में स्वीकृत सभी 14 पदों पर नियुक्त थी, लेकिन अब वहां एक भी पद पर व्याख्याता नही है। सरपंच ने कहा है कि अगर एक सप्ताह के भीतर व्याख्याताओं की नियुक्ति नहीं की गयी, तो स्कूल में पढ़ाई बंद करा दिया जायेगा।
