Begin typing your search above and press return to search.

तब्लीगी जमात के इकट्ठा होने पर ए आर रहमान ने दी प्रतिक्रिया, कहा- ‘यह धार्मिक स्थलों में…’ एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला, Updated

By NPG News

नईदिल्ली 2 अप्रैल 2020. पूरे देश में सरकार की ओर से लॉकडाउन लागू हैं। बावजूद इसके हाल ही में दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीग जमात के मरकज में एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस आयोजन में 1800 से ज्यादा से लोगों ने हिस्सा लिया। इस भीड़ में 281 विदेशी लोग भी शामिल थे। दिक्कत है कि इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए लोग देश के अलग अलग हिस्सों में वापस चले गए हैं। ऐसे में कोरोना वायरस का देश में प्रकोप बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।

तब्लीग जमात के मरकज में जमा हुए इन लोगों की हर कोई आलोचना कर रहा है। तमाम बॉलीवुड सितारे भी आलोचना करने से नहीं रुक रहे हैं। इस बीच मशहूर संगीतकार और गायक ए आर रहमान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर लंबा नोट साझा किया। इस नोट में उन्होंने अपने फैंस और लोगों से कोरोना वायरस से बचने की अपील की। साथ ही लॉकडाउन का पालन करने और कोरोना संक्रमित लोगों की मदद कर रहे डॉक्टर्स-नर्स का धन्यवाद किया।

ए आर रहमान ने अपने नोट में लिखा, ये शुक्रिया संदेश पूरे भारत के सभी डॉक्टर्स, नर्स और अस्पताल के स्टाफ के लिए है। ये इस सबसे भयानक महामारी से निपटने के लिए कितने तैयार हैं ! ये सभी हमारी जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। यह समय हमारे मतभेदों को भूल जाने और अदृश्य दुश्मन के खिलाफ एकजुट होने का है जिसने दुनिया को उल्टा कर दिया है। यह मानवता की सुंदरता को हरकत में लाने का समय है।

ए आर रहमान ने आगे लिखा, ‘ऊपर वाला आपके दिल में है, इसलिए यह धार्मिक स्थलों में एकत्र होकर अराजकता पैदा करने का समय नहीं है। सरकार की सलाह को ध्यान से सुनें। कुछ दिन का आइसोलेशन आपको और ज्यादा साल दे सकता है। वायरस ना फैलाएं और साथी लोगों को नुकसान ना पहुंचाएं। यह बीमारी आपको चेतावनी भी नहीं देती है इसलिए यह मत समझिए कि आप संक्रमित नहीं हैं। यह समय अफवाएं फैलाने का नहीं और ना ही परेशान और घबराने का है।’

सोशल मीडिया पर एआर रहमान का नोट काफी वायरल हो रहा है। तमाम सोशल मीडिया यूजर्स और उनके फैंस भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आपको बता दें कि निजामुद्दीन स्थित तब्लीग जमात के मरकज में इकट्ठा हुए लोगों के बारे में अपनी राय अभिनेत्री से नेता बनीं नुसरत जहां और बॉलीवुड के मशहूर गीतकार जावेद अख्तर भी रख चुके हैं और सभी को घर में रहने की अपील भी कर रहे हैं।

Next Story