![धोनी को ‘भारत रत्न’ देने की मांग, पूर्व मंत्री ने जाहिर की इच्छा…. धोनी को ‘भारत रत्न’ देने की मांग, पूर्व मंत्री ने जाहिर की इच्छा….](https://npg.news/wp-content/uploads/2020/02/dhoni_batting_2870266_835x547-m.jpg)
नईदिल्ली 17 अगस्त 2020. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेते ही टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को ‘भारत रत्न’ देने की मांग उठने लगी है। धोनी को ‘भारत रत्न’ देने की इच्छा मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक व प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने जाहिर की है।
उऩ्होंने रविवार को केंद्र सरकार से मांग की है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाए। शर्मा ने धोनी द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के एक दिन बाद यह मांग की है।
भोपाल दक्षिण-पश्चिम सीट के विधायक शर्मा ने ट्वीट किया, ‘भारतीय क्रिकेट को पूरी दुनिया में विजेता के रूप में स्थापित करने वाले ‘देश के रत्न’ महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारत-रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।’
शर्मा ने बताया, ‘धोनी ‘स्पोर्ट्स के भारत रत्न हैं। उन्होंने क्रिकेट में देश का नाम ऊंचा किया है। इसलिए उन्हें ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाए।’ भारत रत्न भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा के लिए दिया जाता है। इन सेवाओं में कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल शामिल हैं।